सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ। कांग्रेस पार्टी के डलमऊ ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकता पर जोर दिया गया। नरसंवा गांव में आयोजित सम्मेलन में ब्लॉक की सभी ग्राम सभाओं के अध्यक्षों का सम्मान किया गया। इसके बाद एसआइआर को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
ब्लॉक अध्यक्ष हरि भान चौधरी ने संगठन में एकता और आपसी समन्वय को जरूरी बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद कुमार सिंह ने किया। उनके संबोधन ने कार्यकर्ताओं को भावुक कर दिया।
सम्मेलन की अंतिम कड़ी में समाजसेविका एवं 182-सरेनी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था या राजनीतिक दल की मजबूती का आधार उसका जमीनी कार्यकर्ता होता है। कार्यकर्ता ही पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से जिन कार्यकर्ताओं को अपमान का दंश झेलना पड़ा है, उन्हें सम्मान दिलाने के लिए वह पूरी मजबूती से काम करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “आप मुझे अपना बना लो, हम कभी आपको छोड़कर नहीं जाएंगे।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी सामंजस्य और एकता के साथ काम कर कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के भावुक मन और उत्साह को देखकर विश्वास हुआ कि वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति उन्होंने आभार जताया। कार्यक्रम के बाद “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारों के साथ नरसंवा गांव में रैली निकाली गई।

