सशक्त न्यूज नेटवर्क
गोरखपुर।
बीते शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद गोरखपुर शहर में पैदा हुई जलभराव की स्थिति अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर अंदरूनी सियासी घमासान का रूप ले चुकी है। सदर सांसद रवि किशन और बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी उर्फ सोनू के बीच हुई तीखी बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद यह मामला अब दिल्ली दरबार तक पहुंच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने सांसद और पार्षद दोनों से फोन पर वार्ता की है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी हाईकमान ने स्थिति को संभालने के लिए पार्षद को दिल्ली तलब किया है।
वार्ड की समस्याएं सुलझाकर जाऊंगा दिल्ली: पार्षद
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का फोन आया था। उन्होंने बताया कि हाईकमान से बातचीत हुई है, लेकिन वार्ड में जलभराव के कारण जनता को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड की समस्याओं का समाधान कराने के बाद ही वह दिल्ली जाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार रात शहर में पानी भरने के बाद सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जलभराव का जायजा लेने सड़कों पर निकले थे। इसी दौरान बेतियाहाता पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद को फोन किया। वायरल ऑडियो के अनुसार, पार्षद ने सांसद से पूछा, “कहां हैं सांसद जी?” इस पर रवि किशन ने जवाब दिया, “क्या हुआ पार्षद जी, मैं सड़कों पर ही हूं और मेरे साथ अधिकारी भी मौजूद हैं।”
इसके बाद पार्षद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पूरा शहर पानी में डूब रहा है और तरकुलानी व पॉम पैराडाइज का रेगुलेटर अभी तक खोला नहीं गया है। दोनों के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना, दिया सपा में शामिल होने का ऑफर
भाजपा के इस अंदरूनी विवाद पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि भाजपा पार्षद अपनी पार्टी से नाराज हैं, तो वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो जाएं, प्रदेश में सपा की सरकार बन जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद जहां एक तरफ गोरखपुर में प्रशासनिक व राजनीतिक सरगर्मी तेज है, वहीं भाजपा संगठन मामले को शांत कराने के प्रयास में जुट गया है।

