सशक्त न्यूज नेटवर्क
सलोन: मंगलवार सुबह तहसील चौराहे के पास एसयूवी सवार दो लोगों ने सब्जी व्यापारी को परशदेपुर छोड़ने का झांसा देकर गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद तमंचा दिखाकर उससे 23,500 रुपये लूट लिए गए। बदमाश व्यापारी को सलोन-परशदेपुर बाईपास के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। मुख्य चौराहे और पुलिस बूथ के नजदीक हुई वारदात से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
परशदेपुर निवासी मो. कफील मंगलवार सुबह सलोन मंडी में कद्दू बेचने आए थे। मंडी से लौटने के बाद वह तहसील चौराहे पर रिक्शे का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की एसयूवी में सवार दो लोगों ने उन्हें परशदेपुर छोड़ने की बात कही। कफील उनके साथ गाड़ी में बैठ गए। आरोप है कि कुछ दूर पहुंचने पर दोनों ने तमंचा दिखाकर उनकी जेब से 23,500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें सलोन-परशदेपुर बाईपास के पास गाड़ी से नीचे फेंक दिया और भाग निकले।
पीड़ित अपने बेटे जुनैद के साथ सलोन कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सीओ सलोन यादुवेंद्र बहादुर ने बताया कि व्यापारी खुद एसयूवी में बैठा था। उसके लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

