सशक्त न्यूज नेटवर्क
बडगाम। जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकी मूसा मारा गया। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर के आतंकी मूसा को ढेर कर दिया। उसे घाटी में सक्रिय आतंकियों में प्रमुख माना जा रहा था। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अन्य आतंकियों की तलाश में तलाशी अभियान जारी है।
सुरक्षा बलों को आशंका है कि मुठभेड़ स्थल के आसपास कुछ और आतंकी छिपे हो सकते हैं। ऐसे में इलाके में आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबल सावधानी के साथ आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ले रहे हैं।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों की ओर से अभियान पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की उम्मीद है।

