सशक्त न्यूज नेटवर्क
लालगंज। मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकले ग्रामीण का शव मंगलवार सुबह लोन नदी में झाड़ियों के बीच फंसा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान दोस्तपुर निवासी विनोद कुमार (45) पुत्र बच्चन लाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार विनोद सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे घर से निकले थे। देर तक वापस नहीं लौटे तो परिवारजन ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। लोन नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश कराई, लेकिन विनोद का पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह दोस्तपुर गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पूरे नोखेराय मजरे बेहटाकला के पास ग्रामीणों की नजर नदी किनारे झाड़ियों में फंसे शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोस्तपुर गांव के ग्रामीण भी वहां पहुंचे और शव की पहचान विनोद के रूप में की।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के पास काल भैरव बाबा मंदिर के निकट लोन नदी में बने बांध पर जाल लगाकर लोग मछली पकड़ते हैं। विनोद भी सोमवार को मछली पकड़ने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। आशंका है कि मछली पकड़ते समय पैर फिसलने से वह नदी में गिर गए और पानी के बहाव में बहते हुए घटनास्थल तक पहुंच गए।
विनोद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रेनू समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। विनोद के दो पुत्र तूफान और आयुष तथा दो पुत्रियां मुस्कान और माही हैं।
कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि सोमवार को सूचना मिलने के बाद नदी में ग्रामीण की तलाश कराई गई थी। मंगलवार को शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

