रायबरेली: जमीन के विवाद में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी, 16 घायल; सीएचसी में भी हुआ हंगामा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लाल गंज (रायबरेली)। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के खानपुर खपुरा गांव में सोमवार को जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ियां चलने लगीं, जिससे दोनों पक्षों के 16 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया।
गाटा संख्या 156 की जमीन को लेकर रंजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खानपुर खपुरा गांव में गाटा संख्या 156 की विवादित जमीन को लेकर दोनों पक्षों में काफी समय से विवाद चला आ रहा है। सोमवार को एक पक्ष विवादित जमीन पर जेसीबी ले जाकर साफ-सफाई करवा रहा था, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इसी बात पर शुरू हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रथम पक्ष का पक्ष: प्रथम पक्ष से घायल ओमप्रकाश (35) का कहना है कि वे राजस्व टीम के निर्देशों के अनुसार अपनी जगह साफ करा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने हमला बोल दिया। इस मारपीट में ओमप्रकाश, नीतू (28), संगीता (50), मिथुन (38), जितेंद्र (23), अमन (17) और जनक दुलारी (55) घायल हो गए।
द्वितीय पक्ष का पक्ष: वहीं द्वितीय पक्ष के धुन्नीलाल (65) का आरोप है कि विवादित जमीन पर सालों से उनका कब्जा है और मामला अदालत में विचाराधीन है, इसके बावजूद दूसरा पक्ष जबरन कब्जा करने पहुंचा। इस पक्ष से धुन्नीलाल, कलावती (60), सरवन (60), विमल (25), सुशील यादव (50), सूरज सिंह (28), सुनील यादव (45), राजेंद्र (40) और कांति देवी (55) जख्मी हुए हैं।
अस्पताल में मची अफरातफरी, 4 की हालत गंभीर
एक साथ 16 घायलों के सीएचसी पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। इलाज के दौरान दोनों पक्षों के लोग दोबारा भिड़ने लगे, जिन्हें प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह व मौके पर मौजूद पुलिसबल ने समझा-बुझाकर अलग कराया।
चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल राजेंद्र, सुशील यादव, ओमप्रकाश और मिथुन की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस का बयान
मामले में प्रभारी निरीक्षक लालगंज प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। सभी घायलों का सीएचसी में इलाज कराया गया है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

