सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ। श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति की ओर से आयोजित 12वें गणेश पूजा महोत्सव में रविवार को महाआरती का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में किया गया। महाआरती में समाजसेवी दीपक सोनी सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर महाआरती में हिस्सा लिया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
महाआरती के दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। महोत्सव स्थल पर धार्मिक वातावरण बना रहा और देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।
इस अवसर पर समाजसेवी दीपक सोनी ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नों को दूर करने और शुभ कार्यों की शुरुआत के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि सभी के सहयोग और सहभागिता से संभव है। इसके लिए लोगों को भी सकारात्मक सोच के साथ आगे आना चाहिए।
समिति के पदाधिकारियों ने महाआरती में शामिल होने पर दीपक सोनी का स्वागत किया। आयोजन में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। महोत्सव के दौरान भक्ति गीतों और गणपति के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

