36 घंटे की कठिन तपस्या पूरी, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला व्रत
घाटों पर गूंजे छठी मैया के जयकारे, अर्घ्य के बाद शुरू हुआ प्रसाद वितरण; देश-विदेश में दिखी लोक आस्था की छटा
नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही छठ व्रतियों ने उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसी के साथ करीब 36 घंटे से चल रहा निर्जला व्रत पूरा हुआ। घाटों पर पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर उपवास खोला। चार दिनों तक चले कठिन अनुष्ठान के समापन पर घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी सहित विभिन्न जलाशयों और कृत्रिम घाटों पर पूजा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी छठ महापर्व के अनुष्ठान में शामिल हुईं। बिहार की राजधानी पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी छठ व्रत किया। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर और सांसद रवि किशन ने गोरखपुर में छठ पर्व मनाया।
छठ की छटा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। नेपाल की राजधानी काठमांडू, अमेरिका, लंदन और दुबई सहित कई देशों में प्रवासी भारतीयों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्य उपासना की। दुबई के पाम जुमेराह समुद्र तट पर भी श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। दिल्ली में प्रदूषण और धुंध के बावजूद व्रतियों का उत्साह कम नहीं हुआ। अयोध्या में सरयू तट समेत देश के विभिन्न घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।

