रायबरेली में एबीवीपी और छात्र सभा में झड़प, एसपी दफ्तर पर भारी हंगामा; पुलिस ने सपाइयों को खदेड़ा
रायबरेली: फीरोज गांधी डिग्री कॉलेज के गेट पर गुरुवार को समाजवादी छात्र सभा के जागरूकता अभियान के दौरान एबीवीपी और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कॉलेज गेट से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते सड़क पर आ गया और एसपी कार्यालय के बाहर भारी हंगामे में तब्दील हो गया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए सपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे छात्र सभा के शिविर के दौरान एबीवीपी सदस्यों के पहुंचने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष इ. वीरेंद्र सिंह और पार्टी पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान सदर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह से सपा नेताओं की तीखी नोकझोंक हुई।
एसपी दफ्तर के बाहर आमने-सामने आए दोनों गुट
कॉलेज के बाद मामला एसपी दफ्तर पहुंच गया, जहां एबीवीपी और सपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और सपाइयों को मौके से खदेड़ा गया।
विधायक का आरोप—पुलिस ने की अभद्रता
घटना के बाद हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी और बछरावां विधायक श्याम सुंदर भी मौके पर पहुंचे। राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए उनके साथ अभद्रता और मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। सपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली प्रभारी को हटाने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर सपाइयों ने शहीद चौक पर धरना शुरू कर दिया है।
एबीवीपी ने दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर, एबीवीपी के इकाई मंत्री आयुष सिंह ने सदर कोतवाली में शिकायती पत्र सौंपकर सपा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं पर कॉलेज परिसर में घुसकर मारपीट और गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है।
