यूपी के इस जनपद में बदमाशों से पुलिस की हुई मुठभेड़ में एक घायल

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच। नानपारा थाना क्षेत्र में लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को रविवार भोर में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। मौके से लूटी गई मोटरसाइकिल और अवैध असलहा बरामद किया गया है।

कोतवाली नानपारा अंतर्गत रायबोझा के निकट पुरानी बाजार बाबागंज निवासी समीम से 8 दिसंबर को मोटरसाइकिल और 5100 रुपये की लूट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार 13 और 14 दिसंबर की मध्यरात्रि को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपी नेपाल की ओर भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने हाड़ा बसेहरी नहर के पास पुलिया के निकट वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।

खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी मौके से भाग निकला। मुठभेड़ की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डीपी तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान दीपक कश्यप निवासी जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई है। उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि भागे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी लूट की कई घटनाओं में संलिप्त रहा है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

More From Author

You May Also Like