मूंगफली समझ कर 32 बच्चों व दो महिलाओं ने खाया जहरीला फल
न्यूज़ नेटवर्क
श्रावस्ती जनपद में भिनगा क्षेत्र के ग्राम केवलपुर में शुक्रवार की देर शाम यकायक लगभग 32 बच्चों व महिलाओं की हालत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त शुरू हो गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। सभी ने मूंगफली समझ कर जंगली फल का बीज खा लिया था।
ग्राम पंचायत केवलपुर के कुछ बच्चे खेत में मवेशियों को चराने के लिए गए थे। वहीं पर उन्होंने जहरीला फल (परबतिया रेड़) का बीज खा लिया। खाने में उसका स्वाद अच्छा लगा तो वो उसे तोड़कर घर ले आए।
जहां उन्होंने उसे अन्य बच्चों व महिलाओं को दिया। दो महिलाओं ने भी फल का बीज खा लिया। कुछ देर बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। सभी को उल्टी व पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजनों ने सभी को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया।
यहां पर चिकित्सकों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। सभी पीड़ितों को रात में भर्ती रखने के बाद सुबह हालत सुधरने पर घर भेज दिया गया। शुक्रवार सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा भी पीड़ितों का हाल जानने उनके घर पहुंचे।
यहां उन्होंने बच्चों को किसी भी अनजान फल व बीज को न खाने की हिदायत भी दी। इस मौके पर हरिहरपुर रानी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुभाष सत्या, उदय प्रकाश त्रिपाठी, सौरभ सिंह, सुभम सिंह चौहान, पवन शुक्ला आदि मौजूद रहे।
ग्राम केवलपुर निवासी लवकुश (14), सुनील (12), सूरज (8), रूपा (6), बग्गू (8), मोंटा (7), सूरज (9), लव कुमार (11), मनोहर (10), गुड्डू (7), शुभम (11), मीरा (8), सुनील (8), शिवकुमार (8), मोनू (18), अभिषेक (14), सानिया (17), सचिन (10), हरीराम (7), बुधरानी (30), माधुरी (4), सुशील (12), शिवबालक (8), संदीप (15), मीरा देवी (8), सुघरा (12), मनीषा (8), सुनील (25), सुखराजा (42), दिलीप (8), सुमन (12) व करन (14) ने जहरीला फल खाया था।
कोई जहरीला फल खाने से बच्चे व महिलाओं की हालत बिगड़ी थी। रात में उन्हें भर्ती रखा गया, सुबह हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया है। अब सभी की हालत ठीक है।
– डॉ. राजपाल सिंह, सीएमएस