मातृभूमि सेवा मिशन की पहल, विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच,चश्मा व दवा वितरण भी

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली, 25 अप्रैल। समाज के उपेक्षित वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत मातृभूमि सेवा मिशन, रायबरेली इकाई द्वारा जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों के लिए रविवार, 26 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से निःशुल्क नेत्र, ईएनटी एवं समग्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
चार वर्षों से सतत सेवा कार्यों में सक्रिय संस्था का यह अभियान कारागार में रह रहे उन बंदियों के लिए राहत लेकर आएगा, जो विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, विशेषकर दृष्टि संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे हैं।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बंदियों की नेत्र जांच के साथ आवश्यकतानुसार चश्मा वितरण एवं औषधि उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं ईएनटी विशेषज्ञों द्वारा नाक, कान और गला संबंधी रोगों की जांच कर परामर्श दिया जाएगा। इकाई के सहसंयोजक रामानुज मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन जिला कारागार प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। जेल अधीक्षक प्रभात सिंह एवं जेलर हिमांशु रौतेला के निर्देशन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शिविर में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. द्विवेदी एवं डॉ. नीरज सैनी अपनी सेवाएं देंगे। श्री मिश्र ने बताया कि मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश जी की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन रायबरेली इकाई के संयोजक प्रदीप पांडेय के नेतृत्व में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य केवल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि बंदियों के जीवन में आशा, आत्मबल और मानवीय संवेदना का संचार करना भी है।

मातृभूमि सेवा मिशन की यह अनूठी पहल समाज में सेवा, करुणा और उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करते हुए प्रेरित करेगी कि स्वास्थ्य और सम्मान हर व्यक्ति का अधिकार है, चाहे वह किसी भी परिस्थिति में क्यों न हो।

More From Author

You May Also Like