महाशिवरात्रि पर डलमऊ में आस्था का सैलाब, गंगा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर रायबरेली के ऐतिहासिक नगरी डलमऊ में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। भोर से ही श्रद्धालु गंगा नदी में पवित्र स्नान कर भगवान शिव की आराधना में लीन हैं। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
स्वामी दिव्यानंद गिरि ने बताया पर्व का महत्व
सनातन धर्म पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी दिव्यानंद गिरि ने महाशिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का प्रतीक है। इस दिन व्रत रखने और विधि-विधान से पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि गंगा स्नान का विशेष महत्व है, क्योंकि मान्यता है कि इस दिन गंगा में डुबकी लगाने से सभी पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
डलमऊ का गंगा तट इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के आगमन से गुलजार है, जो भक्ति और श्रद्धा के अनूठे संगम का गवाह बन रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु निर्विघ्न स्नान कर सकें।