Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
मजार से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ई-रिक्शा पलटा, आठ घायल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लालगंज: खीरों स्थित मजार से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ई-रिक्शा गुरुवार को अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज के अंबारी गांव, थाना सराय आकिल निवासी भीम सिंह, उनके पुत्र अंकित, डलमऊ क्षेत्र के नरेंद्रपुर निवासी अंशुमान, गीता, माया, रीता तथा जगतपुर क्षेत्र की अनामिका खीरों स्थित मजार पर दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से वापस लौट रहे थे। वाहन खीरों के नई बाजार निवासी तौफीक खान चला रहे थे।
लालगंज-कानपुर मार्ग पर सैंबसी गांव के पास अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक तौफीक ने बताया कि उसे अचानक चक्कर आने लगा, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद भीम सिंह को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने भी घटना की जानकारी जुटाई है।