Categories: अपराध

मछली उत्पादन केंद्र में डकैती का खुलासा, कर्मचारी भी था शामिल

बाराबंकी। जहांगीराबाद क्षेत्र में 26 जनवरी को मत्स्य पालन केंद्र पर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में केंद्र के ही कर्मचारी समेत आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 87500 रुपये नकद और पांच तमंचे बरामद किए हैं।

वहीं लूट में शामिल लखनऊ के एक शातिर अपराधी समेत चार की तलाश अभी जारी है। कर्मचारी ने ही केंद्र की कई बार रेकी कराते हुए और अंदर-बाहर की पूरी जानकारी जुटाई।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार शाम प्रेस-कांफ्रेंस कर एएसपी उत्तरी विकासचंद्र त्रिपाठी व सीओ सिटी संगम कुमार ने इसका खुलासा किया।

एएसपी ने बताया कि 26 जनवरी की रात जहांगीराबाद क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव के पास स्थित मछली उत्पादन केंद्र में 12 बदमाशों ने मिलकर डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने वहां मौजूद मुंशी दरोगा उर्फ समीउल्लाह समेत पांच कर्मचारियों को बंधक बना कर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 4.80 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पांच टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि बदमाशों को केंद्र की पूरी जानकारी पहले से थी। बदमाशों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन लगभग एक किमो दूर फेंक दिए थे, जिससे उनके भागने के रास्ते का सुराग मिला। सीसीटीवी कैमरों की जांच के आधार पर पुलिस ने मछली उत्पादन केंद्र में काम करने वाले राजकुमार उर्फ प्रज्ञादीप रंजन उर्फ राज को गिरफ्तार किया, जो देवा कोतवाली क्षेत्र के मामापुर गांव का निवासी है।

इसके बाद पुलिस ने जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गरौरा गांव निवासी मुकेश कुमार, बंकी कस्बा निवासी शिवराज, लखनऊ के बालागंज निवासी देवाशीष चौहान, देवा के सिपहिया गांव निवासी मोहम्मद सोनू, बरेठी गांव निवासी जुनैद, लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र के भौनी गांव निवासी नौशाद और देवा के ककरहा मोड़ के पास रहने वाले सुहेल को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि इस वारदात में शामिल चार अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है, जिनमें लखनऊ का एक शातिर अपराधी भी शामिल है। संवाद

More From Author

You May Also Like