Categories: अपराध

यूपी के इस जनपद में प्रधानाचार्य कक्ष में शिक्षिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या वजह जानने के लिए हर कोई परेशान

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। सतरिख थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय उधवापुर में शुक्रवार सुबह विद्यालय की शिक्षिका उमा वर्मा (उर्फ माला 40) का शव प्रधानाध्यापक कक्ष के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक मौके पर जुट गए।

साथी शिक्षकों के अनुसार उमा वर्मा बाराबंकी शहर के जलालपुर मोहल्ले की निवासी थीं। उनके पति ऋषि भी जिले के सिद्धौर ब्लॉक में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह रोज़ की तरह उनके पति उन्हें विद्यालय छोड़कर अपने-अपने विद्यालय चले गए थे। स्कूल पहुंचने के बाद उमा कुछ परेशान नजर आ रही थीं।

बताया गया कि विद्यालय आने के कुछ देर बाद वह अपना सामान कक्षा में छोड़कर प्रधानाध्यापक कक्ष में चली गईं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकलीं तो सहकर्मियों ने आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया, जहां रस्सी से बने फंदे पर उनका शव लटकता मिला। यह दृश्य देखते ही शिक्षकों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सतरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यालय परिसर को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद से विद्यालय में शोक का माहौल है। शिक्षकों और छात्रों में गहरा सदमा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी की जाएगी। स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

More From Author

You May Also Like