Img 20241022 070442

रायबरेली : डीजे में गाना बच रहा था। युवा खुशी से थिरक रहे थे। लड़की पक्ष के लोगों के स्वागत के लिए पूरा इंतजाम किया गया था। स्वागत सत्कार के बाद तिलक चढ़ाने की बारी आई। सभी लोग आंगन में जमा थे। लड़का आया तो तिलक चढ़ाने आए लोग भौचक्के रह गए। दरअसल लड़का जो पहले दिखाया गया था उसके बजाए दूसरा लड़का बैठाया गया।

इससे बड़ी बात तो यह थी कि लड़का दोनों पैरों से दिव्यांग था। जिसे देख लड़की पक्ष के लोगों ने तिलक चढ़ाने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर लड़के पक्ष ने सभी को बंधक बना लिया। आरोप है कि मारपीट कर नकदी छीन ली गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी (पुलिस रिस्पॉस व्हीकल) ने लड़की पक्ष के लोगों को मुक्त कराया। इस दौरान गांव में अफरा तफरी मची रही।

भगवंतपुर चंदनिहा के रामकिशोर का कहना है कि वह अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने के 18 अप्रैल को जगतपुर थाना क्षेत्र के सराय बक्श के दरवाजे तिलक चढ़ाने के लिए पहुंचे। लड़के को दिव्यांग देख सभी हैरान हो गए और तिलक चढ़ाने से मना कर दिया। आरोप है कि शादी तय करते समय दूसरा लड़का दिखाया गया था। वर पक्ष के लोगों ने जबरन तिलक चढ़ाने के लिए दबाव बनाया। विवाद बढ़ने पर लड़की पक्ष के लोगों को बंधक बना लिया और नकदी व अन्य सामान के साथ लड़की के भाई के गले से सोने की चैन भी छीन ली गई।

लड़की के भाई राजन तिवारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल व क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। सीओ अरुण कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में है, जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)