Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
डीएम की फटकार के बाद टूटी गैस माफिया की कमर, 61 सिलिंडर जब्त
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जिले में घरेलू रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग का खेल आखिरकार डीएम की सख्ती के बाद बेनकाब हो गया। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न करने वाले आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। डीएम सरनीत कौर ब्रोका के हस्तक्षेप के बाद नरपतगंज में हुई छापेमारी में 61 घरेलू गैस सिलिंडर, रिफिलिंग मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए गए। मामले में दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के नरपतगंज में घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी की शिकायत काफी समय से मिल रही थी। आरोप है कि लालगंज और डलमऊ के आपूर्ति निरीक्षकों को भी इसकी जानकारी थी, लेकिन किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत सीधे डीएम तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए।
डीएम के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम ने सुरेंद्र कुमार की दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 61 घरेलू गैस सिलिंडर, गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और अन्य उपकरण बरामद हुए। जांच में अवैध कारोबार की पुष्टि होने पर डीएम के आदेश पर सुरेंद्र कुमार के खिलाफ लालगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि जिला पूर्ति अधिकारी को पूरे मामले में सख्त निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई होती तो अवैध कारोबार इतना नहीं फैलता। अब देखना होगा कि विभाग केवल एक एफआईआर तक सीमित रहता है या पूरे नेटवर्क पर भी शिकंजा कसता है।