Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
डीआरडीए के परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्र को सीडीओ पद पर पदोन्नति
सशक्त न्यूज नेटवर्क
राज्यपाल की स्वीकृति के बाद शासन का आदेश जारी, नई तैनाती के निर्देश जल्द
क्रॉसर : ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए पहचान
पदोन्नति की खबर मिलते ही प्रशासनिक व सामाजिक हलकों में बधाइयों का सिलसिला तेज
रायबरेली। जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचान बनाने वाले जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्र को प्रदेश सरकार ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पद पर पदोन्नत किया है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद ग्राम्य विकास विभाग अनुभाग-1 के उप सचिव चंद्रिका प्रसाद ने इस आशय का शासनादेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है। पदोन्नति के साथ ही उनके वेतनमान में भी वृद्धि की गई है।
शासनादेश में उल्लेख किया गया है कि श्री मिश्र की नई तैनाती के आदेश पृथक रूप से जारी किए जाएंगे। तब तक वे अपने वर्तमान पद पर रहते हुए दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। प्रशासनिक हलकों में इसे उनकी कार्यकुशलता, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सतीश प्रसाद मिश्र ने सात नवंबर 2024 को रायबरेली में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने, विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने और योजनाओं की सतत निगरानी के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनकी कार्यशैली को प्रशासनिक हलकों में परिणामोन्मुख, पारदर्शी और संवेदनशील माना जाता है। श्री मिश्र के नेतृत्व में जिले में विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय तेजी आई, जिससे विकास कार्यों को नई दिशा मिली। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ सहज संवाद और मिलनसार स्वभाव के कारण वे सभी वर्गों में समान रूप से लोकप्रिय माने जाते हैं।
पदोन्नति की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में उन्हें बधाई देने वालों का क्रम शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे जनपद के लिए गौरव का विषय बताते हुए सतीश प्रसाद मिश्र की कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की।