गांव की एकता ही समाज की असली ताकत : ओलंपियन, पद्मश्री सुधा सिंह

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। महाराजगंज तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा डोमापुर सोमवार को आध्यात्मिक आस्था, सामाजिक एकता और होली के उत्सवी रंगों से सराबोर नजर आई। शिव मंदिर के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य के शुभारंभ के साथ आयोजित होली मिलन एवं सम्मान समारोह ने पूरे गांव को एक सूत्र में पिरो दिया।

ढोलक की थाप, अबीर-गुलाल की रंगत और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच अंतरराष्ट्रीय एथलीट, ओलंपियन, पद्मश्री एवं अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित सुधा सिंह एवं आरेडिका की खेलकूद विशेष अधिकारी ने ग्रामवासियों को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

सीएम सिंह के आवासीय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम सभा के लगभग प्रत्येक घर से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवधर्मी रहा। सम्मान समारोह के दौरान सुधा सिंह ने महिलाओं को अबीर-गुलाल लगाकर आत्मीयता से गले लगाया तथा बच्चों को स्नेह देते हुए प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की प्रेरणा दी। सम्मान पाकर ग्रामीणों के चेहरे गर्व और प्रसन्नता से दमक उठे।

अपने संबोधन में सुधा सिंह ने कहा कि गांव की एकता, सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण और धार्मिक स्थलों का संवर्धन ही समाज की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि शिव मंदिर निर्माण केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सामूहिक संकल्प का परिचायक है।

ग्रामीण महिलाओं को समाज की आधारशिला बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी से ही गांव सशक्त और संगठित बनता है। समारोह के दौरान उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों को भी अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और मीडिया को लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताया। इस अवसर पर सुधा सिंह उनके पति अमित सिंह, सास सत्यवती सिंह, अजीत सिंह, ज्योति सिंह सहित शिवनाथ सिंह परिवारजन एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आरेडिका की खेलकूद विशेष अधिकारी एवं ओलंपियन एथलीट सुधा सिंह जब अपनी ससुराल डोमापुर पहुंचीं तो वहां पहले से इंतजार कर रहे सैकड़ों महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली अपनी “बहू” के स्वागत में महिलाओं ने उन्हें आशीर्वाद दिया और होली की शुभकामनाएं दीं। सुधा सिंह ने भी आत्मीयता से सभी को गले लगाया, अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों, विशेषकर बेटियों को खेलों के लिए समय और प्रोत्साहन अवश्य दें। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय पहचान का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि परिवार और समाज का सहयोग मिले तो गांव के बच्चे भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

समारोह का आयोजन भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष चंद्र मोहन सिंह (सीएम सिंह) द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि शिव मंदिर निर्माण ग्राम समाज की आस्था और एकजुटता का प्रतीक है। होली को सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का पर्व बताते हुए उन्होंने कहा कि यह उत्सव आपसी मतभेद मिटाकर प्रेम और भाईचारे को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है।

More From Author

You May Also Like