केमिकल ड्रम फटने से 30 से अधिक कर्मचारी झुलसे, मचा हड़कंप
सशक्त न्यूज नेटवर्क
फरीदाबाद। सोमवार शाम को फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में स्थित एक निजी कंपनी में भीषण हादसा हो गया। मेटल शीट कटिंग का काम करने वाली कंपनी में रखे केमिकल ड्रम में अचानक धमाका होने से आग लग गई, जिसमें 30 से अधिक कर्मचारी झुलस गए। घटना के बाद कंपनी में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय जब कर्मचारी सीएनसी मशीनों पर काम कर रहे थे, तभी अचानक एक केमिकल ड्रम में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद एक के बाद एक कई ड्रम फटने लगे, जिससे भीषण आग लग गई। आग की लपटों और धुएं के कारण कर्मचारियों में दहशत फैल गई और वे जान बचाने के लिए भागने लगे। इस अफरातफरी में कई कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।