कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर सुधा द्विवेदी ने किया स्वागत

सशक्त न्यूज नेटवर्क
सरेनी। श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर बुधवार को सुर्जीपुर-सतवा खेड़ा ग्रामसभा में भगवान भोलेनाथ की कांवड़ यात्रा के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस नेता सुधा द्विवेदी क्षेत्रीय जनमानस के आमंत्रण पर शामिल हुईं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर कांवड़ियों का माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और भंडारे में श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

सुधा द्विवेदी ने कहा कि सरेनी विधानसभा क्षेत्र पर भगवान शंकर की सदैव कृपा रही है। यह क्षेत्र हमेशा से भगवान शिव की आस्था का केंद्र रहा है। बाबा बाल्हेश्वर महादेव, सोहलेश्वर महादेव एवं मुंडमालेश्वर महादेव की कृपा क्षेत्रवासियों पर बनी हुई है। यही वजह है कि क्षेत्र में भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ियों का स्वागत और सम्मान करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से सरेनी क्षेत्र के लोगों पर अपनी असीम कृपा बनाए रखने तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और समग्र विकास की कामना की।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

More From Author

You May Also Like