कांग्रेसी नेता की बेटी तेहरान में फंसी, युद्ध के कारण नहीं हो पा रही वतन वापसी

डॉ. अजहर नकवी की बेटी नाबिया एमबीबीएस की कर रही पढ़ाई
ऊंचाहार। कस्बे के कांग्रेसी नेता डॉ. अजहर नकवी की बेटी नाबिया नकवी तेहरान में फंसी हुई हैं। अमेरिका-इजराइल के ईरान पर ताबड़तोड़ हवाई हमले के कारण उनकी वतन वापसी नहीं हो पा रही है। नाबिया तेहरान यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। वह इस समय तेहरान में ही मौजूद हैं।

डॉ. अजहर ने बताया कि बेटी से बमुश्किल ही बात हो पा रही है। 28 फरवरी की शाम और एक मार्च की सुबह उनसे संपर्क हो पाया था। उनकी यूनिवर्सिटी पर भी हमला हुआ था। एक मार्च को उनकी बेटी नाबिया तेहरान से 100 किलोमीटर दूर अपने एक परिचित के घर पहुंची हैं।

वहीं ओमान में मौजूद उनके बेटे जहां नकवी ने शाम को फोन पर नाबिया के बारे में जानकारी दी है। तेहरान में मौजूदा हालात बहुत खराब हैं। जहां नकवी भी नाबिया से संपर्क करने की कोशिश में लगे हुए हैं।

बताते हैं कि अचानक शुरू हुए हमलों के चलते नाबिया बाहर नहीं निकल पाईं। अभी तक उनकी वतन वापसी का कोई निश्चित रास्ता नजर नहीं आ रहा है। रह-रहकर धमाकों की आवाजें सुनाई पड़ रही हैं। परिवार नाबिया की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित है।

नाबिया का अपने परिवार से दो दिन में बमुश्किल तीन मिनट बात हुई है। नाबिया के मुताबिक मोबाइल नेटवर्क तेहरान का ध्वस्त हो गया है। बीच बीच में नेटवर्क आने पर वह बात करती हैं। तेहरान की हालत सबसे अधिक खराब है। इसी तरह इफ्तहान, तबरीज, कौम, करज, केर्मानशाह, खुर्रमाबाद में भी बमबारी हो रही है।

More From Author

You May Also Like