एक कुत्ते ने पूरे गांव में फैलाई दहशत, काटी गाय भी बनी ‘हमलावर’

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: महराजगंज क्षेत्र के मोन गांव में एक पागल कुत्ते ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरे गांव में दहशत फैल गई। कुत्ता अब तक आधा दर्जन लोगों को काट चुका है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुत्ते के काटने से घायल हुई एक गाय भी आक्रामक हो गई और लोगों को दौड़ाकर काटने लगी। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

गांव स्थित बाबा ओरीदास मंदिर के पास सोमवार रात करीब 11 बजे उमाशंकर अवस्थी के घर के बाहर चारपाई पर सो रहे उनके भाई कमलेश पर पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके सीने पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे भाई रामाशंकर को भी कुत्ते ने हाथ में काट लिया। इसके अलावा शिवप्रसाद, विजय प्रताप सिंह और चौहान समेत कई अन्य ग्रामीण भी कुत्ते के हमले का शिकार हुए।

ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद एक गाय का व्यवहार भी असामान्य हो गया। मंगलवार सुबह से वह लोगों को दौड़ाकर काट रही है। गाय के हमले में रामू और बंटी घायल हो गए। लगातार हो रही घटनाओं से गांव के लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को सक्रिय कर दिया गया है। पागल कुत्ते और आक्रामक गाय को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

More From Author

You May Also Like