लालगंज कोतवाली पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर बाहुबली सोशल मीडिया ग्रुप के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को उनके पास से अवैध पिस्टल, तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा में केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में सक्रिय सोशल मीडिया ग्रुप बाहुबली 5000 सैकड़ो गुंडे किस्म के युवक जुड़े हुए हैं, जो अक्सर ग्रुप के किसी सदस्य के साथ कहीं झगड़ा विवाद होने पर झुंड में पहुंचकर वहां अराजकता फैला रहे थे।
छानबीन में पुलिस को कई मामलों में उनकी संलिप्तता मिली। इनका प्रभाव लालगंज, डलमऊ और गुरुबख्शगंज क्षेत्र में पाया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी इसी ग्रुप के सक्रिय सदस्य थे।
बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने डलमऊ रोड पर बाईपास ओवरब्रिज के निकट मधुकरपुर निवासी अर्पित व उसके साथी सुदीप को गिरफ्तार किया। पुलिस को तलाशी के दौरान अर्पित के पास 32 बोर की पिस्तौल व जिंदा कारतूस और सुदीप के पास 315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई। दोनों को जेल भेजा गया है।
पुलिस को बाहुबली व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन की तलाश
गत दिनों पूरे अजबी गांव के किसान सर्वेश पाल की हत्या के बाद पुलिस को एक व्हाट्सएप ग्रुप बाहुबली की गतिविधियों पर शक हुआ। इस ग्रुप में कई आपराधिक प्रवृत्ति के युवक जुड़े हुए हैं। पुलिस ने अब तक ग्रुप के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। जिनके आधार पर पुलिस अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक इस ग्रुप के दो एडमिन हैं। जिनमें एक हरियाणा में नौकरी कर रह रहा है, जबकि दूसरा कहीं फरार है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि ग्रुप का उपयोग बदमाशों के बीच संवाद और साजिश रचने के लिए किया जाता था। एडमिन की भूमिका इस पूरे मामले में बेहद अहम हो सकती है।