अफसरों की मनमानी से समाधान को लेकर भटक रहे फरियादी

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली जिले के नसीराबाद में पीड़ितों को तहसील व थाना स्तर पर न्याय दिलाने के उद्देश्य से शासन की ओर से शनिवार को समाधान दिवस का आयोजित करने के निर्देश हैं। समाधान दिवस में आने वाली सभी शिकायतों को गुणवत्ता के आधार पर निस्तारित करने के लिए रजिस्टर भी बनाया गया है।

इसके बावजूद लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। कागज पर हर बार समाधान किया जा रहा है, लेकिन धरातल पर लोग परेशान हैं। शनिवार को थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में कई मामले ऐसे आए जो वर्षों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।

केस एक

स्थान – थाना नसीराबाद
शुक्लन का पुरवा मजरे भुआलपुर सिसनी निवासी महेंद्र कुमार शुक्ल बीते सात वर्षों से न्याय की आस में भटक रहे हैं। उन्होंने बताया कि चकरोड की भूमि पर गांव के ही तीन लोगों ने कब्जा कर लिया है। लगातार थाना व तहसील दिवस में शिकायत की जा रही है, लेकिन चकरोड को खाली नहीं कराया गया। खेल आने जाने में सभी को परेशानी हो रही है।

केस दो

पूरे भरत मजरे बेवल निवासी जयंती प्रसाद मिश्र ने बताया कि उनकी भूमिधरी पर गांव के पांच लोगों ने कब्जा कर लिया है। हदबरारी और पत्थर गढ़ी की कार्रवाई होने के बावजूद भूमि को खाली नहीं कराया गया। छह माह से तहसील और थाने के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। मई 2025 में मुख्यमंत्री दरबार में भी गुहार लगाई, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

केस तीन
पूरे ईश्वरीय पाठक मजरे छतोह के करन यादव ने बताया कि चार बार समाधान दिवस में अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया। हर बार आश्वासन दिया जा रहा है। मेरी भूमि पर दूसरे लोग खेती कर रहे हैं।

एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों काे गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

You May Also Like