अमेठी जनपद में पकड़ी गई नकली उर्वरक व रसायन बनाने की कंपनी

सशक्त न्यूज नेटवर्क
अमेठी के ककवा मार्ग स्थित कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. देवमणि तिवारी के प्रमोद आलोक इंटर कॉलेज परिसर में यह कार्रवाई हुई। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव, नायब तहसीलदार अजय कुमार सिंह, उर्वरक व रसायन बनाने वाली कंपनी ट्रू बॉडी कंस​ल्टिंग के प्रतिनिधि आशीष जांगड़ा और कुलदीप कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

कॉलेज परिसर के एक कमरे में राम उजागर यादव रसायन को अलग-अलग बोरियों और पैकेटों में भरता मिला। टीम ने मौके से नौ बोरी डीएपी, रासायनिक दवाएं, पैकिंग मशीन, नामी कंपनियों के लेवल लगे पैकेट बरामद किए। कमरे में सफेद, पीले और भूरे रंग के पाउडर से भरे कई कट्टे और ट्रे मिलीं। प्राथमिक जांच में यह सामग्री गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।

इसके साथ ही विभिन्न कंपनियों के कीटनाशक भी मिले, जिनमें एडवांस एग्रो लाइफ कंपनी के 500 ग्राम वाले चार पैकेट, क्लोरपायरीफॉस 500 ग्राम का एक पैकेट, एचपीएम केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स के उत्पाद और एग्रीटेक कंपनी के 115 एमएल वाले नौ पैकेट शामिल हैं। भारी मात्रा में कच्चा रसायन भी बरामद हुआ।

इसमें सफेद पाउडर से भरे 15 कट्टे, नीले पाउडर का एक कट्टा और काले पाउडर से भरे सात कट्टे शामिल हैं। जांच के दौरान इफको और आईपीएल डीएपी के खाली पैकेट, बीपीएल डीएपी की 200 बोतलें, इफको डीएपी की 3400 बोतलें और 500 खाली डीएपी बोतलें भी मिलीं।

पूछताछ में राम उजागर यादव बताया गया कि यह कार्य तिवारी का पुरवा मजरा सोनपुर मनका के शिवम तिवारी कहने पर संचालित हो रहा था। बिना अनुमति और गुणवत्ता परीक्षण के उर्वरक और कीटनाशक तैयार किए जा रहे थे, जिससे किसानों की फसलों और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता था। मौके से लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव ने बताया कि बरामद सभी सामग्री सील कर प्रयोगशाला भेजी गई है। प्रारंभिक जांच में नकली उर्वरक और दवा तैयार किए जाने के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

You May Also Like