Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
हाईवे पर सीएनजी गैस का रिसाव, पुलिस व चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। सीएनजी गैस लेकर रामसनेहीघाट की ओर जा रही एक डीसीएम उस समय संभावित बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, जब अयोध्या नेशनल हाईवे पर दादरा गांव के पास उसके गैस टैंक से अचानक रिसाव शुरू हो गया।
सोमवार को हुई इस घटना और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल इसकी सूचना सफदरगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन हाईवे को वन-वे कर यातायात नियंत्रित किया गया। इसके बाद डीसीएम को दादरा गांव से दूर एक सुनसान व सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
पुलिस और चालक की सतर्कता के चलते कुछ ही देर में गैस का रिसाव बंद हो गया। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद डीसीएम को उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। इस दौरान हाईवे पर करीब 45 मिनट यातायात बाधित रहा। सफदरगंज थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सुरक्षा इंतजाम किए। हाईवे पर यातायात रोककर वाहन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि समय पर सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकता है।