योगी-मोदी का नारा लगाने पर बुजुर्ग को पीटा, विधायक ने पुलिस को लगाई फटकार
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे मनोज पांडेय, बोले- ऐसी अराजकता बर्दाश्त नहीं, आरोपियों पर हो सख्त कार्रवाई
सशक्त न्यूज
डलमऊ (रायबरेली)। योगी-मोदी के समर्थन में नारा लगाना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के रायपुर टप्पा हवेली गांव में 62 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मंगलवार शाम करीब सात बजे ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय पीड़ित केशव लाल के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
पीड़ित केशव लाल का आरोप है कि गांव के ही लवकुश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, घटना के बाद से उन्हें मोबाइल फोन पर लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। पीड़ित ने धमकी से जुड़े साक्ष्य भी विधायक को दिखाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी और कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नारा लगाना कोई अपराध नहीं है। बढ़ई समाज के बुजुर्ग को बंधक बनाकर पीटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही पीडीए समाज का नारा है? ऐसी अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
विधायक के पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। इस मौके पर अशोक मिश्रा, पुतानी महाराज, विनय मिश्रा, मोनू बाजपेई, अंशु तिवारी, मंडल अध्यक्ष देवेश वर्मा, शाहिद बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे

