बड़ा मठ में आज गूंजेंगे वैदिक मंत्र, 101 बटुक धारण करेंगे यज्ञोपवीत
25 वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा पर निभाई जा रही परंपरा, सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के साथ होगा संत सम्मेलन और श्रीरामलीला का आयोजन
सशक्त न्यूज रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर डलमऊ स्थित सनातन धर्म पीठ बड़ा मठ में शनिवार को 101 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगा। धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा के इस भव्य आयोजन को लेकर आश्रम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान पूरा आश्रम वैदिक मंत्रों और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान होगा।
पीठाधीश्वर स्वामी देवेंद्रानंद गिरि ने बताया कि बड़ा मठ में पिछले 25 वर्षों से लगातार प्रत्येक कार्तिक पूर्णिमा पर सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन कराया जा रहा है। इस परंपरा के माध्यम से बटुकों को वैदिक संस्कृति, संस्कार और सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। आयोजन के दौरान आश्रम में विशाल भंडारे का भी आयोजन होता है, जो कार्तिक पूर्णिमा तक निरंतर चलता रहता है।
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ ही अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अनुयायी परिवार सहित डलमऊ पहुंचते हैं। श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर मेले का आनंद लेते हैं।
आयोजन व्यवस्थापक स्वामी दिव्यानंद गिरि ने बताया कि सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के अलावा रात्रि में संत सम्मेलन और श्रीरामलीला का आयोजन भी किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर श्री राधा संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य उमाकांत मिश्रा, सुशील शास्त्री, सूरज अमन सहित आश्रम के शिक्षक, संत और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

