सशक्त न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देश-विदेश से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में हुआ था। इस साल उनका जन्मदिन इसलिए भी खास है क्योंकि वह सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करने की ओर बढ़ रहे हैं। राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री की आर्थिक नीतियों और शासन शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
बीजेपी ने भी बनाया खास प्लान
प्रधानमंत्री के जन्मदिन को बीजेपी देशभर में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है। पार्टी की ओर से स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली भी प्रस्तावित है, जिसे अमित शाह और राजनाथ सिंह अलग-अलग स्थानों से रवाना करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी 17 सितंबर को कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। पीएम मोदी आज नई दिल्ली के यशोभूमि में SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
जन्मदिन पर सेवा कार्यक्रमों पर जोर
बीजेपी के कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया है। देशभर में कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जन्मदिन के साथ प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को भी रेखांकित किया जा रहा है।
