सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। नशे में धुत एक युवक शुक्रवार को रेलवे ट्रैक की दोनों पटरियों के बीच लेट गया। कुछ ही देर बाद उसी ट्रैक पर पैसेंजर ट्रेन आ गई। युवक को ट्रैक पर पड़ा देखकर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक ट्रेन का इंजन उसके ऊपर से गुजर चुका था। ट्रेन रुकने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को बाहर निकाला। दोनों पटरियों के बीच लेटे होने के कारण उसकी जान बच गई।
घटना नाथखेड़ा गांव के पास की है। बताया गया कि युवक नशे की हालत में रेलवे ट्रैक तक पहुंचा और दोनों पटरियों के बीच लेट गया। इसी दौरान पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंच गई। लोको पायलट की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए। अचानक ब्रेक लगने के बावजूद ट्रेन युवक के पास पहुंच गई और इंजन उसके ऊपर से गुजर गया। ट्रेन रुकने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
लोको पायलट ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी अमरेश द्विवेदी ने बताया कि युवक का घर रेलवे लाइन के पास ही है। वह नशे की हालत में ट्रैक पर पहुंच गया था। अधिक नशे के कारण उसे आसपास का होश नहीं था और वह पटरियों के बीच ही लेटा रहा।
पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही परिजनों को उसे लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी गई है, ताकि भविष्य में वह दोबारा रेलवे ट्रैक पर न पहुंच सके।

