रायबरेली में खाद्य पदार्थों की जांच में बड़ा खुलासा, पनीर समेत सात नमूने फेल
क्रासर
पनीर में मिले खतरनाक तत्व, दूध-अचार समेत अन्य खाद्य पदार्थ भी मानकों पर खरे नहीं उतरे
रिपोर्ट आने के बाद कारोबारियों को नोटिस, एसीजेएम और एडीएम कोर्ट में मुकदमे की तैयारी
रायबरेली। बाजार से खरीदे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की प्रयोगशाला जांच में पनीर, दूध, अचार, बूंदी लड्डू और सब्जी मसाला समेत सात नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। सलोन से लिया गया पनीर का नमूना असुरक्षित और अवमानक पाया गया। वहीं दूध और अचार समेत छह अन्य नमूने भी जांच में फेल हो गए। रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही मुकदमे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सलोन में अंकुर सिंह की दुकान से लिया गया पनीर का नमूना जांच में असुरक्षित और अवमानक मिला। प्रयोगशाला रिपोर्ट में पनीर में सेहत के लिए खतरनाक तत्व पाए गए हैं। इसके अलावा जगतपुर स्थित स्वेतधारा और महराजगंज में जितेंद्र मौर्या की दुकान से लिए गए दूध के नमूने भी मानकों पर खरे नहीं उतरे।
खीरों में रामप्रकाश की दुकान से लिया गया बूंदी लड्डू का नमूना भी अवमानक पाया गया। हरचंदपुर में लिया गया ज्ञान मसाला का सब्जी मसाला और सलोन के भटनोसा स्थित डेयरी से लिया गया दूध का नमूना भी जांच में फेल हो गया। भूएमऊ स्थित अनमोल संगम अचार से लिए गए आम के अचार के नमूने में भी गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन मिला।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अधिकारियों के मुताबिक जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि सभी संबंधित कारोबारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। पनीर विक्रेता के खिलाफ एसीजेएम (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) कोर्ट में मुकदमा किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों में एडीएम (अपर जिलाधिकारी) कोर्ट में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

