सशक्त न्यूज नेटवर्क
पुरुषोत्तम शुक्ल डलमऊ। जूनियर स्कूल के सामने वीआरसी कंस्ट्रक्शन के चेयरमैन एवं समाजसेवी विकास सिंह के सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड चित्रकूट से पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 323 लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित शिविर का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जांच के दौरान 25 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। चिकित्सकों ने सभी मरीजों को ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजने की व्यवस्था की। इसके अलावा 81 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि 50 मरीजों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में पहुंचे लोगों को आंखों की देखभाल और समय रहते जांच कराने के प्रति जागरूक भी किया गया।
चिकित्सकों ने कहा कि आंखों में किसी तरह की परेशानी होने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। नियमित नेत्र परीक्षण से कई गंभीर समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है। धूल, धुएं और तेज धूप से आंखों को बचाने के साथ ही साफ पानी से आंखों की सफाई रखने की सलाह दी गई।
समाजसेवी विकास सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। आंखों की रोशनी बचाने से बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं हो सकता। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उपचार के अभाव में परेशानी न हो, इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
शिविर में डॉ. जीएल मिश्रा, डॉ. गोविंद, डॉ. शिवम कुशवाहा समेत चिकित्सकीय टीम और सहयोगी मौजूद रहे। शिविर के सफल आयोजन पर क्षेत्रीय लोगों ने आयोजकों का आभार जताया।

