अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगी बैंक शाखाएं, घर से निकलने से पहले देख लें छुट्टियों की पूरी सूची
नई दिल्ली। अक्टूबर में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के चलते बैंक शाखाएं अलग-अलग राज्यों में कुल 16 दिन बंद रहेंगी। इसमें रविवार, दूसरा व चौथा शनिवार और विभिन्न त्योहारों की छुट्टियां शामिल हैं। हालांकि सभी अवकाश देशभर में एक समान नहीं होंगे। अलग-अलग राज्यों और बैंकिंग केंद्रों के अनुसार छुट्टियां अलग हो सकती हैं।
2 अक्टूबर से छुट्टियों की शुरुआत
अक्टूबर में बैंक अवकाश की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी। गांधी जयंती के कारण इस दिन देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 4 अक्टूबर को रविवार, 10 अक्टूबर को दूसरा शनिवार और 11 अक्टूबर को रविवार का अवकाश रहेगा।
त्योहारों पर कई राज्यों में बंद रहेंगी शाखाएं
17 अक्टूबर को महा सप्तमी के कारण अगरतला में बैंक बंद रहेंगे। 18 अक्टूबर को रविवार का अवकाश रहेगा। 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा, महाष्टमी, महानवमी और आयुध पूजा के कारण कई राज्यों में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा।
20 अक्टूबर को दशहरा, विजयादशमी, महानवमी, आयुध पूजा और दुर्गा पूजा के चलते कई बैंकिंग केंद्रों में छुट्टी रहेगी। 21 अक्टूबर को भी विजयादशमी और दुर्गा पूजा-दसैं के अवसर पर कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
22 और 23 अक्टूबर को गंगटोक में दुर्गा पूजा-दसैं के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 24 अक्टूबर को चौथा शनिवार और 25 अक्टूबर को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
महीने के अंतिम सप्ताह में भी अवकाश
26 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा, एक्सेशन डे और महर्षि वाल्मीकि जयंती के कारण कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 29 अक्टूबर को करवा चौथ के अवसर पर शिमला में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के कारण अहमदाबाद में बैंक बंद रहेंगे।
ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी जारी
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम के जरिये लेनदेन कर सकेंगे। शाखा से जुड़े जरूरी काम के लिए स्थानीय बैंक अवकाश की जानकारी पहले से कर लेना उचित रहेगा।

