डलमऊ में श्रीकृष्ण गौशाला में आयोजित हुआ दिव्य गोपा अष्टमी महोत्सव, बड़ी संख्या में जुटे क्षेत्रीय लोग
सशक्त न्यूज/डलमऊ (रायबरेली)। ब्लॉक डलमऊ स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में मंगलवार को दिव्य गोपा अष्टमी महोत्सव-2026 श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाजसेविका एवं सरेनी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ उनकी बड़ी बेटी गीतिका द्विवेदी भी मौजूद रहीं।
महोत्सव के दौरान सुधा द्विवेदी ने विधि-विधान से गौ माता का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद गायों को फल और मिष्ठान खिलाकर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में डलमऊ ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सुधा द्विवेदी ने सभी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे। सुधा द्विवेदी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। जरूरतमंदों की सेवा करना भी सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के आयोजक ब्रह्मचारी स्वामी दिव्यानंद गिरि महाराज (बड़ा मठ, डलमऊ), श्रीकृष्ण गौशाला के अध्यक्ष एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा तथा उनकी पूरी टीम को सुधा द्विवेदी ने सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों के स्नेह, समर्थन और स्वागत के प्रति आभार जताया।

