आशा बहुओं के सम्मान से गदगद हुए दीप प्रकाश शुक्ला, बोले- बड़ी जिम्मेदारी मिली तो पीछे नहीं हटूंगा
समाज की सेवा में जुटी आशा कार्यकर्ताओं का किया सम्मान, बोले- इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता
डलमऊ। समाज की सेहत संवारने और गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की अलख जगाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान में रविवार को कस्बे के एक निजी मैरिज लॉन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाजसेवी एवं भाजपा नेता दीप प्रकाश शुक्ला ने आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस मौके पर दीप प्रकाश शुक्ला ने कहा कि आशा बहुएं समाज में बेहद अहम भूमिका निभा रही हैं। गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने से लेकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल तक उनकी जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उन्हें अपार सुख और आत्मसंतुष्टि की अनुभूति हो रही है।
उन्होंने कहा कि समाजसेवा उनके लिए हमेशा प्राथमिकता रही है। यदि भविष्य में पार्टी की ओर से उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाती है तो वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसका निर्वहन करेंगे।
समारोह में आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान से माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

