Categories: आयोजन

आरएसएस ने निकाला पथ संचलन, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा

रायबरेली:
लालगंज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की लालगंज इकाई की ओर से सोमवार को पथ संचलन का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। पथ संचलन कस्बे की गलियों से होकर गुजरा जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वयं सेवकों का स्वागत किया गया। कस्बे के नारायण उत्सव लान में एकत्रीकरण के बाद पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों की टोली संचलन के लिए रवाना हुई।

इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत ने कहा कि समरस, समरथ और समृद्ध भारत ही महान देश बनेगा। कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर और डॉ. बलिराम हेडगेवार दोनों ही महापुरुषों ने हिंदू समाज को जोड़ने का सपना देखा था। दोनों महापुरुषों ने अपना पूरा जीवन समाज की कुरीतियों को दूर करने में खपा दिया। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर एक ऐसे महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने जीवन की तमाम कठिनाइयों को पीछे छोड़ते हुए रचनात्मक दिशा में निरंतर अग्रसर होने का संकल्प लिया। उन्होंने कभी भी अपनी परेशानियों का रोना नहीं रोया, बल्कि अपने महान संकल्पों और अटूट दृढ़ता के बल पर समाज में बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।

उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत एक बेहद विपरीत सामाजिक परिवेश से की थी। बचपन में उन्हें अनेक प्रकार के भेदभाव और पीड़ा का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने शिक्षा को अपना हथियार बनाया। छत्रपति शाहू महाराज जैसे महान व्यक्तित्वों ने उनकी शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। अपनी लगन और मेहनत से उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की और अंबेडकर नाम अपनाया। डॉ. अंबेडकर का जीवन केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित नहीं रहा। उनका उद्देश्य समाज में समता, बंधुत्व और समर्थ्यता की स्थापना करना था। उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में अत्यंत निपुणता के साथ कार्य किया। राजनीतिक क्षेत्र में भी उन्हें अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन वे कभी पीछे नहीं हटे।

उनका सपना था एक समतामूलक समाज का निर्माण, जहाँ सभी को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त हो। बाबा साहब ने दलितों और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया और उन्हें सामाजिक न्याय दिलाने के लिए जीवन भर संघर्ष करते रहे। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पथ संचलन कस्बे के मेनरोड, अंबेडकर मार्ग, चिकमण्डी, तिकोनापार्क, गांधीचौराहा, तिकोना पार्क सराफा मंडी सब्जीमंडी होते हुए पुनः उत्सव लान में समाप्त हुआ। पथ संचलन के दौरान जगह जगह नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।

इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने संचलन की अगुवाई की। इस मौके पर डलमऊ मैथ के प्रख्यात संत देवानंद गिरीजी महाराज, विभाग संघ चालक अमरेश, जिला संघ चालक रामचरण, विभाग कार्यवाह अनंत बाजपेई, रामगोपाल त्रिपाठी, सचिन रस्तोगी, इंद्रेश, राजेश, अनिल, सतीश त्रिवेदी, गोपाल जी गुप्ता, उधम जायसवाल, सतीश त्रिवेदी, कैलाश बाजपेई, सीपी पांडेय, सचिन रस्तोगी, राजेश, इंद्रेश, जिला प्रचारक आशुतोष, सुनील सिंह, अरुण कुमार सिंह मुन्ना, आदर्श बाजपेई, दीपक अवस्थी, सुरेंद्र सिंह सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More From Author

You May Also Like