आदर्श मेडिकल सेंटर का भव्य शुभारंभ, बेटू दीदी ने फीता काटकर किया उद्घाटन
सरेनी में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई दिशा, मनोज द्विवेदी ‘दादा श्री’ और सुधा द्विवेदी की गरिमामयी मौजूदगी में संपन्न हुआ समारोह
सरेनी। कस्बे में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए आदर्श मेडिकल सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में श्री फाउंडेशन के चेयरमैन एवं वरिष्ठ समाजसेवी मनोज द्विवेदी ‘दादा श्री’ और पूर्व प्रत्याशी सरेनी विधानसभा श्रीमती सुधा द्विवेदी की बड़ी बेटी गीतिका द्विवेदी ‘बेटू दीदी’ विशेष आमंत्रण पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर क्षेत्र के सम्मानित एवं वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में बेटू दीदी ने फीता काटकर मेडिकल सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए गीतिका द्विवेदी ‘बेटू दीदी’ ने कहा कि नवनिर्मित आदर्श मेडिकल सेंटर के उद्घाटन समारोह में शामिल होना उनके लिए गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने संस्थान के प्रबंधन और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए यह सराहनीय पहल है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मेडिकल सेंटर महज एक इमारत तक सीमित न रहकर यहां आने वाले प्रत्येक मरीज के लिए उम्मीद, सेवा और बेहतर स्वास्थ्य का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज की बुनियादी जरूरत हैं और ऐसे संस्थानों की स्थापना से स्थानीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान उन्होंने आयोजन में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक सम्मानित एवं वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।

