सशक्त न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली: बैंक में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन (IBPS) ने रीजनल रूरल बैंक (RRB) भर्ती 2026 की वैकेंसी में फिर बदलाव किया है। संशोधित आंकड़ों के मुताबिक अब कुल 13,757 पदों पर भर्ती होगी। पहले 13,706 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी। यानी कुल 51 पद बढ़ाए गए हैं।
इस भर्ती में सबसे ज्यादा मौके ऑफिस असिस्टेंट (मल्टीपर्पज) के पद पर हैं। इसकी वैकेंसी 8,183 से बढ़ाकर 8,222 कर दी गई है। इसके अलावा ऑफिसर स्केल-I के 4,256 पद हैं। अधिकारी स्केल-II और स्केल-III के विभिन्न पदों को मिलाकर भी बड़ी संख्या में रिक्तियां हैं।
किस पद पर कितनी वैकेंसी?
ऑफिस असिस्टेंट (मल्टीपर्पज) – 8,222 पद
ऑफिसर स्केल-I – 4,256 पद
ऑफिसर स्केल-II (जनरल बैंकिंग ऑफिसर) – 666 पद
ऑफिसर स्केल-III – 220 पद
ऑफिसर स्केल-II (आईटी) – 182 पद
ऑफिसर स्केल-II (चार्टर्ड अकाउंटेंट) – 82 पद
ऑफिसर स्केल-II (लॉ) – 56 पद
ऑफिसर स्केल-II (एग्रीकल्चर) – 38 पद
ऑफिसर स्केल-II (ट्रेजरी मैनेजर) – 19 पद
ऑफिसर स्केल-II (मार्केटिंग ऑफिसर) – 16 पद
कुल 13,757 पदों पर भर्ती होगी।
ग्रेजुएट युवाओं के लिए भी मौका
ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर स्केल-I के लिए सामान्य तौर पर स्नातक उम्मीदवार पात्र हैं। हालांकि स्केल-II और स्केल-III के पदों के लिए संबंधित विषय की डिग्री और निर्धारित कार्य अनुभव की शर्तें लागू हैं। अलग-अलग पदों के लिए उम्र सीमा भी अलग निर्धारित की गई है।
ऑफिस असिस्टेंट के लिए उम्र सीमा 18 से 28 वर्ष, ऑफिसर स्केल-I के लिए 18 से 30 वर्ष, स्केल-II के लिए 21 से 32 वर्ष और स्केल-III के लिए 21 से 40 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
फीस भी जान लें
एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये है, जबकि अन्य अभ्यर्थियों के लिए 850 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
आईबीपीएस ने यह भी स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या अस्थायी है। अंतिम आवंटन संबंधित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की ओर से उपलब्ध कराई गई वास्तविक रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा।

