Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
10mg कैप्सूल को 400mg की दवा बनाकर बेच रहे थे, मेरठ-बागपत-उत्तराखंड में फैले नकली दवा रैकेट का भंडाफोड़
सबहेड
6 लाख विटामिन-ई कैप्सूल, ब्लिस्टर पैकिंग मशीन और उपकरण जब्त, चार आरोपियों पर एफआईआर
मेरठ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मेरठ, बागपत और उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में फैले अंतरराज्यीय नकली दवा रैकेट का पर्दाफाश किया है। जांच में खुलासा हुआ कि 10 एमजी विटामिन-ई फूड सप्लीमेंट कैप्सूल को मशहूर दवा कंपनी के 400 एमजी कैप्सूल की पैकिंग में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान छह लाख कैप्सूल, ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, कंप्रेसर और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में चार लोगों के खिलाफ मेरठ के इंचौली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
औषधि निरीक्षक संतोष कुमार पटेल के मुताबिक 24 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त (औषधि) मेरठ मंडल के नेतृत्व में टीम ने इंचौली थाना क्षेत्र के खरदोनी-शेखपुर स्थित एक परिसर में छापा मारा। यहां से बड़ी मात्रा में कैप्सूल, पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद हुए।
ऐसे चल रहा था फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि ऊधम सिंह नगर (रुद्रपुर) स्थित आरएस ग्लोबल फार्म की मिलीभगत से 10 एमजी विटामिन-ई कैप्सूल को प्रसिद्ध दवा कंपनी के ‘एवियन 400 एमजी सॉफ्ट जेल कैप्सूल’ की पैकिंग में भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। यानी फूड सप्लीमेंट को दवा बताकर मरीजों तक पहुंचाया जा रहा था।
बागपत की कंपनी भी जांच के घेरे में
टीम ने बागपत के खेकड़ा स्थित प्रेसकाट फार्म जेल प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि कंपनी के पास केवल फूड हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल्स बनाने का लाइसेंस था। इसके बावजूद कंपनी ने छह लाख बिना पैकिंग वाले विटामिन-ई 10 एमजी कैप्सूल आरएस ग्लोबल फार्म को बेच दिए। बाद में इन्हें अवैध रूप से प्रोसेस कर 400 एमजी दवा के नाम पर बाजार में उतारा गया।
चार आरोपियों पर केस
इस मामले में मुख्य आरोपी विकास चौहान (खरदोनी), उसके सहयोगी राजेंद्र सिंह उर्फ अरुण कुंडा, आरएस ग्लोबल फार्म के प्रोपराइटर रोहित कुमार (रुद्रपुर) और प्रेसकाट फार्म जेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एवं उत्तरदायी व्यक्ति अमृत पटेल के खिलाफ इंचौली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नकली दवाओं की सप्लाई चेन की भी पड़ताल कर रही हैं।