Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
विश्व श्रवण दिवस के अवसर पर विशेष सीएमई का आयोजन
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। विश्व श्रवण दिवस के अवसर पर एम्स रायबरेली के ईएनटी विभाग द्वारा एक विशेष सतत् चिकित्सकीय शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अनन्या सोनी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य श्रवण हानि के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी साझा करना था। इस अवसर पर एसजीपीजीआई, लखनऊ के वरिष्ठ संकाय सदस्य एवं प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. रविशंकर ने मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया।
उन्होंने “बच्चों में श्रवण हानि एवं कॉक्लियर इम्प्लांट की भूमिका” विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्रवण हानि की शीघ्र पहचान एवं समय पर कॉक्लियर इम्प्लांट से बच्चों को सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के चिकित्सकों, रेजिडेंट्स एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की। डॉ. अनन्या सोनी ने अपने संबोधन में नवजात एवं बच्चों की नियमित श्रवण जांच की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समय पर हस्तक्षेप से बेहतर उपचार परिणाम संभव हैं। डॉ. अरिजीत जोतदार ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम के अंत में श्रवण स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।