ठंड बढ़ने से इस कारोबार में बढ़ी चहल-पहल
न्यूज़ नेटवर्क
रायबरेली जिले में अक्टूबर की हल्की ठंड का पारा नवंबर में गिरने लगा है। सुबह और शाम की ठिठुरन लोगों को गर्म कपड़ों की ओर खींच रही है।
इसी के साथ नगर का कपड़ा बाजार में चहल-पहल बढ़ने लगी है। ऊनी कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। बाजार में स्वेटर, जैकेट, शॉल, मफलर और ऊनी मोजे सबसे ज्यादा बिक रहे हैं।
लोग अपनी जरूरत के हिसाब से हल्के और भारी दोनों तरह के गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। बच्चों और महिलाओं के लिए स्टाइलिश जैकेट और ट्रेंडी स्वेटर की मांग है।
दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे ठंड और बढ़ेगी वैसे-वैसे बिक्री में तेजी आएगी। कपड़ों के थोक और फुटकर विक्रेता दीपक सिंह बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों से बिक्री में अचानक तेजी आई है।
सुबह शाम की ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े खरीदने पर मजबूर कर दिया है। खासकर जैकेट, स्वेटर और शॉल की खूब मांग है। ऊनी मोजे और मफलर भी तेजी से निकल रहे हैं।
कारोबारी संजय गुप्ता ने बताया कि इस बार लोग अच्छे और टिकाऊ गर्म कपड़ों की मांग कर रहे हैं। दुकानदार गोपालजी गुप्ता ने बताया कि बाजार में नए डिजाइन के स्वेटर और कोट दुकान की शोभा बढ़ा रहे हैं। युवा वर्ग फैंसी ब्लेजर खूब भा रहे हैं।
कपड़ा दुकानदार इंद्रेश सिंह ने बताया कि युवतियों में हूडी और लॉंग कोट का ट्रेंड बढ़ा है। ग्राहक आते ही नए डिजाइन पूछते हैं। दुकानदार संजय तिवारी ने बताया कि बच्चों के लिए कार्टून प्रिंट रंग बिरंगी जैकेट खूब बिक रही हैं।
अभिवावक बच्चों के लिए गर्मी के साथ साथ हल्के वजन वाले ऊनी कपड़े ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बाजार में ग्राहक बढ़ने से व्यापारियों में खुशी है। उनका कहना है कि ठंड इसी तरह बढ़ती रही तो अगले कुछ हफ्तों में कारोबार और बढ़ेगा।