यूपी चुनाव: सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में फंसा पेंच, 52 और 67 के फेर में अटका गठबंधन
सपा ने तैयार की 52 सीटों की सूची, कांग्रेस 67 सीटों पर समझौते को तैयार नहीं; राहुल, प्रियंका और अखिलेश के हाथ में होगी अंतिम फैसले की कमान
सशक्त न्यूज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद जारी है, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। दिल्ली में मंगलवार को हुई दूसरे दौर की बातचीत करीब साढ़े तीन घंटे चली, लेकिन दोनों पार्टियां अपने-अपने रुख पर कायम रहीं। अब सीट बंटवारे का अंतिम फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत के बाद होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, सपा सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कह रही है, लेकिन अंदरखाने 52 सीटों का विकल्प भी तैयार रखा गया है। पार्टी का तर्क है कि सीटों का बंटवारा पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के प्रदर्शन और संबंधित क्षेत्रों में जीत की संभावना के आधार पर होना चाहिए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज दो सीटें जीत सकी थी।
दूसरी ओर कांग्रेस ने अपनी मांग में काफी कटौती करते हुए 67 सीटों को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया है। पार्टी ने 46 सीटें ए श्रेणी और 21 सीटें बी श्रेणी में रखी हैं। कांग्रेस का कहना है कि इन सीटों पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अमेठी, रायबरेली और सहारनपुर के विधानसभा क्षेत्रों को लेकर भी पार्टी अपनी दावेदारी छोड़ने के मूड में नहीं है।
कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में मिले जनसमर्थन को अपनी ताकत मान रही है, जबकि सपा 2022 के विधानसभा चुनाव के परिणामों को आधार बना रही है। यही अंतर दोनों दलों के बीच खींचतान की प्रमुख वजह बन गया है।
अब इस सियासी गतिरोध को दूर करने की जिम्मेदारी सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव के बीच बातचीत के बाद ही सीटों के बंटवारे पर अंतिम मुहर लग सकती है। फिलहाल दोनों दल गठबंधन बनाए रखने की बात तो कर रहे हैं, लेकिन 52 और 67 सीटों के बीच का फासला उनकी राह में सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

