यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली बैठक पूरी, तीन-चार दिन में सामने आएगा फॉर्मूला
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहली बैठक संपन्न हो गई है। हालांकि, अभी सीटों की संख्या और बंटवारे के फॉर्मूले पर अंतिम सहमति नहीं बनी है। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि सीटों के आंकड़ों के लिए तीन-चार दिन इंतजार करना होगा।
बैठक में कांग्रेस और सपा की ओर से गठित समितियों के सदस्य शामिल हुए। कांग्रेस की तरफ से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चर्चा में हिस्सा लिया। वहीं, सपा की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, सांसद इकरा हसन, राजीव राय और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मौजूद रहे।
181 सीटों की सूची में से 60 पर हुई चर्चा
बैठक में दोनों दलों के बीच 181 सीटों की सूची में से 60 सीटों पर शुरुआती चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी प्राथमिकताएं और दावेदारी रखी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर बातचीत आपसी सम्मान और सहयोग की भावना से आगे बढ़ेगी। उन्होंने गठबंधन की बातचीत को दोनों दलों का आंतरिक मामला बताया।
मंगलवार को फिर होगी बैठक
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने बैठक को सौहार्दपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। मंगलवार को फिर से दोनों दलों के प्रतिनिधियों की बैठक होगी। कांग्रेस और सपा के नेताओं ने भी आपसी विश्वास के साथ बातचीत आगे बढ़ाने की बात कही है।
फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अंतिम निर्णय होना बाकी है। आगामी बैठकों के बाद ही गठबंधन के सीट बंटवारे की तस्वीर साफ हो सकेगी।

