कृषि गोदाम में प्रमाणित गेहूं के बीज का टोटा, किसानों को लौटना पड़ रहा खाली हाथ
बुकिंग कराने के बावजूद 250 किसानों को नहीं मिला बीज, खुले बाजार से महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर अन्नदाता
जगतपुर (रायबरेली)। गेहूं की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन जगतपुर विकास क्षेत्र के किसानों को कृषि गोदाम से प्रमाणित गेहूं का बीज नहीं मिल पा रहा है। किसानों का आरोप है कि गोदाम प्रभारी लक्ष्य पूरा होने की बात कहकर उन्हें बीज देने से मना कर रहे हैं। बुकिंग कराने के बावजूद बीज नहीं मिलने से किसानों में नाराजगी है। अब किसानों को खुले बाजार से अधिक कीमत पर गेहूं का बीज खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
जगतपुर विकास क्षेत्र में करीब 30 हजार किसान खेती के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सरकार की ओर से प्रमाणित बीज प्राप्त करने के लिए पांच जुलाई से 28 अक्टूबर तक अग्रिम बुकिंग की प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। गोदाम प्रभारी के मुताबिक, कुल 645 किसानों ने अग्रिम बुकिंग कराई थी। केंद्र को 500 क्विंटल गेहूं का बीज आवंटित हुआ था। गुरुवार तक 395 किसानों को 400 क्विंटल बीज वितरित किया जा चुका है। इसके बावजूद करीब 250 पंजीकृत किसान बीज पाने से वंचित रह गए हैं।
किसानों चंद्रभान, कृष्ण नारायण, शंकर प्रताप, अवध राज, दान बहादुर, जगदीश और हरीश का आरोप है कि उन्हें अंगूठा नहीं लगने का बहाना बनाकर बीज नहीं दिया गया। वहीं रामशंकर, उमाशंकर, निरंजन कुमार, नीरज कुमार और राजेंद्र कुमार ने बताया कि जब वे बीज लेने गोदाम पहुंचे तो लक्ष्य पूरा होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया गया।
किसानों का कहना है कि गेहूं की बुवाई का महत्वपूर्ण समय निकल रहा है। ऐसे में प्रमाणित बीज उपलब्ध नहीं होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। मजबूरी में खुले बाजार से महंगे दामों पर बीज खरीदना पड़ रहा है। किसानों ने जिम्मेदार अधिकारियों से बीज उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में गोदाम प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि बीज वितरण का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो चुका है और बुकिंग का कार्य भी बंद है। इसी वजह से बीज खरीदने के लिए आने वाले किसानों को बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।**

