सशक्त न्यूज नेटवर्क
श्री फाउंडेशन की पहल, जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मा और दवाइयां वितरित; मोतियाबिंद के ऑपरेशन की भी होगी व्यवस्था
डलमऊ (रायबरेली)। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इसी संकल्प के साथ श्री फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को ब्लॉक डलमऊ की ग्राम सभा चकमलिक भीटी स्थित पंचायत भवन में नि:शुल्क विशाल नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के लोगों को समय पर नेत्र संबंधी उपचार उपलब्ध कराना और अंधेपन की समस्या को रोकना रहा। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों ने मरीजों की आंखों की जांच की। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिह्नित करने के साथ ही जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे और आंखों की दवाइयां वितरित की गईं। मोतियाबिंद सहित अन्य जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन की भी विशेष व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर श्री फाउंडेशन के अध्यक्ष मनोज द्विवेदी ‘दादा श्री’ और समाजसेविका एवं सरेनी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी ने शिविर में पहुंचे मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेकर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के चलते उपचार से वंचित न रहे। इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले चिकित्सकों, सहयोगियों और संस्था के सदस्यों के प्रति आभार जताया गया।
इस मौके पर संस्था ने सेवा, सहयोग और समर्पण के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को दोहराया।

