सोना 2500 तो चांदी 3500 रुपये टूटी, दिवाली के बाद फीकी पड़ी चमक
कमजोर मांग और डॉलर की मजबूती से सर्राफा बाजार में गिरावट, खरीदारी करने वालों को मिल सकती है राहत
सशक न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोना 2500 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया, जबकि चांदी की कीमत में 3500 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई। दिवाली के बाद खुदरा मांग कमजोर पड़ने और वैश्विक बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों का असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2500 रुपये टूटकर 1,40,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले गुरुवार को इसका भाव 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इसी तरह चांदी भी 3500 रुपये की गिरावट के साथ 1,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। इन कीमतों में सभी कर शामिल हैं।
डॉलर की मजबूती से बढ़ा दबाव
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर कमजोर वैश्विक संकेतों और दिवाली के बाद खुदरा मांग में कमी का असर पड़ा है। वहीं, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी से भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उतार-चढ़ाव
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना करीब एक प्रतिशत सुधरकर 3904.87 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में इसमें करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आई थी। चांदी 50.04 डॉलर प्रति औंस के आसपास रही।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता से सोने-चांदी के बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशकों और खरीदारों की नजर आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक संकेतों पर रहेगी।

