सूरत में आग का तांडव: कपड़ा गोदाम बना श्मशान, आसमान में काले धुएं के गुबार से सहमे लोग; 9 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सशक्त न्यूज
सूरत, 14 नवंबर: गुजरात की कपड़ा नगरी सूरत के खरवासा इलाके में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एकलेरा गांव के पास स्थित एक कपड़ा गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के साथ-साथ बगल के करीब 8 से 9 बीघा खुले मैदान में जमा कपड़ा वेस्टेज और कबाड़ भी इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरा इलाका आग की लपटों और काले धुएं के गुबार से घिर गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल विभाग की 9 गाड़ियों ने झोंकी ताकत
आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि कई किलोमीटर दूर से ही धुएं का काला बादल दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही सूरत दमकल विभाग में अलर्ट जारी हो गया और आनन-फानन में 8 से 9 फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए।
उप-मंडलीय अग्निशमन अधिकारी कृष्णा मोध की निगरानी में दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। ज्वलनशील कपड़ा कचरा होने के कारण आग बार-बार भड़क रही है, जिससे जवानों को घंटों से कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
टला बड़ा हादसा, लाखों के नुकसान की आशंका
राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि इस विकराल अग्निकांड में अब तक किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, गोदाम और खुले मैदान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा वेस्टेज व अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है।
फिलहाल आग लगने के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ आग लगने की वजहों की जांच में जुट गई है।

