ससुराल से लौट रहे युवक को स्कॉर्पियो सवारों ने किया अगवा! मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठाया, मां ने लगाई पुलिस से गुहार
सशक्त न्यूज
रायबरेली। लालगंज। ससुराल से बाइक पर घर लौट रहे युवक को आधा दर्जन लोगों द्वारा मारपीट कर स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से युवक और उसकी बाइक का कोई पता नहीं चल सका है। युवक की मां ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर पुत्र की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवक की तलाश में जुट गई है।
कोड़रा गांव निवासी शिवप्यारी पत्नी राकेश ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पुत्र सर्वेंद्र पिछले कुछ महीनों से कठोइया गांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि बसंतापुर गांव के पास गांव के ही चार युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। इसके बाद मारपीट करते हुए जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद से सर्वेंद्र की बाइक का भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बेटे के अचानक लापता होने से परेशान मां ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई और पुत्र की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

